एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा बीएड सत्र 2024-26 के द्वितीय सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसमें सर्वपल्ली राधाकृष्णन बीएड व एमएड प्रशिक्षण संस्थान, नोगली के छात्र लुकेश कुमार ने 80.85% अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इसके अलावा, अनामिका ने 76.86% अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान और प्रांजल देष्टा व सरोज कुमारी ने 76% अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
परीक्षा परिणामों में संस्थान के 60% से अधिक छात्रों ने 71% से ज्यादा अंक प्राप्त कर संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया। शेष सभी प्रशिक्षुओं ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की, जिससे संस्थान में उत्सव जैसा माहौल है।

संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश शर्मा ने छात्रों को उनकी मेहनत और उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने यह भी बताया कि संस्थान की ओर से विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को ₹31,000, द्वितीय को ₹21,000 और तृतीय स्थान पर आने वाले छात्र को ₹11,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी। साथ ही, संस्थान स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर ₹11,000 व द्वितीय स्थान पर ₹5,100 दिए जाएंगे।

इस अवसर पर संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि वे शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।