एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर। शहर में ईवीएम की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। डिग्री कॉलेज बिलासपुर और लखनपुर में तैनात ईवीएम गार्ड के आठ पुलिसकर्मी बुधवार देर रात ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिले। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने जब औचक निरीक्षण किया तो दोनों स्थानों पर कोई भी जवान अपनी तैनाती पर नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार डिग्री कॉलेज में वही ईवीएम रखी गई हैं जिन पर पूर्व विधायक बंबर ठाकुर से जुड़े चुनाव विवाद का मामला चल रहा है। ऐसे में यह सुरक्षा चूक बेहद गंभीर मानी जा रही है। एएसपी ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप धवल को दी। एसपी ने बताया कि दो हेड कांस्टेबल और छह कांस्टेबल को ड्यूटी से नदारद पाए जाने के बाद निलंबित कर लाइनहाजिर किया गया है। साथ ही विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील ड्यूटी में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एएसपी ने कहा कि ईवीएम सुरक्षा पुलिस की शीर्ष प्राथमिकता है। इस तरह की लापरवाही को किसी भी स्तर पर नहीं छोड़ा जाएगा और भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
