एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर की सब-तहसील तकलेच के अंतर्गत आने वाले दरशाल मतैलनी क्षेत्र को आज तक बस सेवा नहीं मिल पाई है। यह स्थिति तब है जब क्षेत्र में चार महीने पहले ही सड़क को पास कर दिया गया था। इसके बावजूद सैंकड़ों ग्रामीण आज भी बस सुविधा से वंचित हैं।
बुधवार को रामपुर महाविद्यालय के छात्रों रोनी राणा, ईशांत, रजनीश, हिमांशु, रोहित और मृदुल ने इस मुद्दे को लेकर एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद सिंह को एक ज्ञापन सौंपा। छात्रों का कहना है कि उन्हें कॉलेज जाने के लिए रोजाना 1 से 2 घंटे पैदल चलना पड़ता है। बरसात के मौसम में यह स्थिति और भी कठिन हो जाती है।
छात्रों ने बताया कि दरशाल मतैलनी क्षेत्र में लगभग 300 घर हैं और यहां के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं, राशन लाने या अन्य जरूरी कामों के लिए सड़क तक पैदल जाना पड़ता है, जिससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि सड़क पास होने के बाद बस सेवा शीघ्र शुरू होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस कारण अब क्षेत्र के लोग नाराज और परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द बस सेवा शुरू करने की मांग की है।