एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आगमन आम जनता के लिए उम्मीदों से भरा था, लेकिन मुख्यमंत्री का भाषण बिना किसी नई घोषणा के समाप्त होने से लोग निराश दिखाई दिए। भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री न तो पिछली घोषणाओं की प्रगति बता पाए और न ही जनता द्वारा लंबे समय से उठाए जा रहे मुद्दों पर कोई स्पष्टता दे पाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि रामपुर आज भी बाईपास जैसी महत्वपूर्ण सुविधा से वंचित है, जबकि शहर के मुख्य मार्ग पर फुट ब्रिज की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री की घोषणा सूची में ये विषय शामिल नहीं थे। नेगी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे मुख्यमंत्री रामपुर को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल ही नहीं कर रहे।
कौल सिंह ने दत्तनगर में बने स्पोर्ट्स हॉस्टल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह भवन पिछले तीन वर्षों से उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रहा है। वहीं खनेरी अस्पताल में बीते वर्ष मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन किए गए ट्रॉमा सेंटर में न स्टाफ पहुंचा है और न ही अन्य आवश्यक सुविधाएं शुरू हो सकी हैं। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में रामपुर विकास की दौड़ में पीछे चला गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन योजनाओं के करोड़ों रूपए के उद्घाटन मुख्यमंत्री कर रहे हैं, वे सभी पूर्व भाजपा सरकार के दौरान शुरू की गई थीं। तीन वर्ष बीतने के बावजूद वर्तमान सरकार का कोई भी नया प्रोजेक्ट रामपुर में धरातल पर नहीं उतरा। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के ठेकेदारों को भुगतान न होने पर भी उन्होंने चिंता जताई। करीब 13 करोड़ रुपये के टोकन ट्रेजरी में जाकर वापस लौट गए, जिससे ठेकेदार अपनी पेमेंट के लिए भटकने को मजबूर हैं।
लवी मेले की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कौल नेगी ने कहा कि इस बार मेला कमेटी ने मेले का स्तर काफी नीचे कर दिया। कलाकारों से ऑनलाइन ऑडिशन की बात कही गई, लेकिन चयनित कलाकारों को एसडीएम कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े। 18 वर्ष से कम आयु के कलाकारों को स्टेज न देने का निर्णय भी निराशाजनक रहा। साथ ही मेला मैदान में स्टॉलों की सबलेटिंग खुल कर देखने को मिली।
