एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज कैथू में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (एचपीएससीबी) की नव-स्थापित शाखा का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य में सहकारी बैंकिंग नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। राज्य सरकार वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और समाज के सभी वर्गों तक सुलभ बैंकिंग सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी बैंक हिमाचल प्रदेश के किसानों, छोटे व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार की जमा राशि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक में रखी जानी चाहिए, जिससे सहकारी बैंकिंग प्रणाली की वित्तीय मजबूती और स्थिरता को और बढ़ावा मिल सके।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एचपीएससीबी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि बैंक आम लोगों की सेवा की मूल भावना को बनाए रखते हुए आधुनिक, प्रौद्योगिकी-आधारित बैंकिंग सेवाओं का निरंतर विस्तार कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कैथू शाखा स्थानीय लोगों की वित्तीय आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से पूरा करेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, जिनमें ई-टैक्सी योजना भी शामिल है, के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 करोड़ रुपये का चेक भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने बैंक के इस उदार योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपात स्थितियों में प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। एचपीएससीबी के प्रबंध निदेशक श्रवण मांटा ने बैंक की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि बैंक ने लगातार अपनी वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ किया है तथा नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सुविधा के लिए बैंक द्वारा डिजिटल बैंकिंग समाधान भी शुरू किए गए हैं।
कार्यक्रम में विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेन्द्र चौहान, सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार डी.सी. नेगी, बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
