एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के दत्तनगर और निरसू क्षेत्रों में पिछले एक सप्ताह से तेंदूए की गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। तेंदुए को दिन के समय भी दत्तनगर कॉलोनी के आसपास देखा गया, जिससे लोग खासतौर पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे और उन्हें स्कूल भेजने से भी डर रहे थे।
स्थानीय प्रशासन और वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरे लगाए थे। रविवार रात को राहत की खबर आई जब तेंदुआ निरसू में लगे पिंजरे में कैद हो गया। इस खबर के फैलते ही पूरे इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग ने तेंदुए को सुरक्षित रूप से क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित कर दिया है। डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह ने जानकारी दी कि यह पुष्टि करने के लिए कि यही वही तेंदुआ था जिसकी गतिविधियां दत्तनगर और निरसू में देखी गई थीं, इलाके में अभी भी निगरानी जारी रहेगी। कैमरा ट्रैप की सहायता से तेंदुए की आगे की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि:
-
बच्चों को बाहर भेजते समय सतर्क रहें
-
अकेले बाहर न निकलें
-
समूह में चलें
-
सुबह और शाम विशेष सावधानी बरतें
-
किसी भी तेंदुए की गतिविधि दिखे तो तुरंत विभाग को सूचित करें
उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में पशु चिकित्सा विभाग और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
