एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के ननखड़ी क्षेत्र के खड़ाहन, खुन्नी, पनौली, जाहु, खोलीघाट और गाहन पंचायतों का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व हिमकोफेड अध्यक्ष एवं भाजपा नेता कौल सिंह नेगी और भाजपा मंडल अध्यक्ष ननखड़ी जियालाल लम्बरदार के नेतृत्व में उपमंडलाधिकारी रामपुर से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने ननखड़ी में बंद पड़ी सड़कों की बहाली और बस सेवाओं को फिर से शुरू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ननखड़ी क्षेत्र में पिछले डेढ़ महीने से कई सड़कें बंद पड़ी हैं, जिससे स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा और बीमार लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रामपुर-खोलीघाट-नागाधार और रामपुर-बाघी रूट की बस सेवाएं भी प्रभावित हैं। एसडीएम रामपुर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सड़कों की बहाली और बस सेवाओं को जल्द से जल्द चालू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
आपदा के बाद से बंद है बस सेवाएं
भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने बताया कि विगत 13 अगस्त को आई आपदा के बाद खड़ाहन क्षेत्र में बघारी नामक स्थान पर ढंगा गिर जाने से पाँच पंचायतों की बस सेवाएं पूरी तरह ठप हो चुकी हैं। इस रूट पर पहले चार बसें चलती थीं, लेकिन अब ग्रामीणों को पैदल सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीण लगातार लोक निर्माण विभाग से सड़क बहाली की गुहार लगा रहे हैं लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि बघारी में अवरुद्ध स्थान पर तुरंत सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाए और जब तक कार्य पूर्ण नहीं होता, बसों को ट्रांसमिट कर वैकल्पिक रूट से चलाया जाए, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके।
इस मौके पर पिंकू श्याम (उपाध्यक्ष), बिहारीलाल (ग्राम केंद्र अध्यक्ष), अनीता (प्रधान खोलीघाट), महावीर (उपप्रधान जाहु), देवी सिंह (पूर्व किसान मोर्चा अध्यक्ष), पथिक मैहता, जीवत राम, अशोक श्याम, हरिसिंह, सोहनलाल, महिला मंडल रेश्टुधार सचिव सीमा जी, बतू देवी, रामेश्वरी, हेमराज, मोहनलाल, सुरेंद्र चौहान, नरेंद्र श्याम, गोपाल मैहता, सतपाल आदि उपस्थित थे।
