एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
ऐतिहासिक अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला 2025 से पहले रामपुर में आयोजित जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन देखने को मिला। पुरुष वर्ग में रोहड़ू रॉयल और महिला वर्ग में रोहड़ू टीम ने विजेता बनकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। प्रतियोगिता का आयोजन दत्तात्रेय स्पोर्ट्स क्लब की ओर से स्थानीय प्रशासन के सहयोग से किया गया था, जिसमें पुरुष वर्ग की 10 और महिला वर्ग की 6 टीमों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग के रोमांचक फाइनल में जुब्बल पेंथर और रोहड़ू रॉयल आमने-सामने आईं। दो सेटों में बढ़त बनाते हुए रोहड़ू रॉयल ने प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। वहीं, महिला वर्ग में रोहड़ू और दत्तनगर की टीमें भिड़ीं, जिसमें रोहड़ू की महिला खिलाड़ियों ने सहज जीत दर्ज की।
समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने शिरकत की और विजेता टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष विक्रम बांष्टु ने मुख्य अतिथि का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। अपने संबोधन में एसडीएम ने खिलाड़ियों को बधाई दी और युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों और शिक्षा की ओर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला 11 से 14 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा, लेकिन उससे पहले रामपुर में बॉक्सिंग, कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी ताकि युवाओं को खेलों से जोड़ा जा सके। इस मौके पर कई पूर्व वॉलीबॉल खिलाड़ी और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
