एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि 1 से 5 फरवरी तक घुमारवीं में राष्ट्रीय अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होना गर्व की बात है। यह क्षेत्र में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता होगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि जिला बिलासपुर और घुमारवीं के युवाओं और विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा और घुमारवीं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा। प्रतियोगिता में देश भर से लगभग 40 टीमें और 800 खिलाड़ी एवं अधिकारी भाग लेंगे।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, घुमारवीं में होगा। शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और समापन शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर करेंगे। धर्माणी ने सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर आयोजन को सफल बनाने और खिलाड़ियों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी हिमाचल की लोक कला, संस्कृति और खानपान से परिचित होंगे। खेल आयोजन को लेकर सभी समितियों ने अपनी तैयारियों और कार्य योजनाओं की जानकारी दी। निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली ने बताया कि पिछले दस वर्षों में प्रदेश में कोई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता नहीं हुई थी, और वर्तमान सरकार के दौरान यह तीसरी राष्ट्रीय प्रतियोगिता है।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, एसडीएम गौरव चैधरी, सहायक आयुक्त राज कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी इस बैठक में मौजूद रहे।
