एआरबी टाइम्स ब्यूरो | नाहन
Himachal Bus Hadsa : सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। हरिपुरधार के पास दोपहर करीब 2:40 बजे एक ओवरलोड निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में बस चालक समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 52 यात्री घायल हो गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे का शिकार हुई निजी बस शिमला से कुपवी की ओर जा रही थी। यह बस 37 सीटों की क्षमता वाली थी, लेकिन उसमें करीब 66 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर पाला जमे होने के कारण बस फिसल गई और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। बस खाई में गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में बस की छत टूट गई और टायर तक अलग हो गए।

लोगों ने बस की बॉडी उठा कर निकाले घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस खाई में उलटी गिर गई थी। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने अपने हाथों से बस की बॉडी उठाकर घायलों को बाहर निकाला। कई घायलों को चार-चार लोगों ने मिलकर सड़क तक पहुंचाया, जबकि कुछ लोगों ने अकेले ही घायलों को पीठ पर लादकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। मौके पर चारों ओर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हादसे में घायल 17 लोगों को नाहन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 18 का इलाज राजगढ़ अस्पताल में और 15 का उपचार सोलन अस्पताल में चल रहा है। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को पीजीआई चंडीगढ़ और एक को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
हादसे में इनकी गई जान
इस हादसे में जान गंवाने वालों में सनम (20), बिलम सिंह (44), हिमांशी (6), हिमा देवी (50), बस चालक बलबीर तोमर (52), प्रोमिला (21), सूरत सिंह (60), सुमन (28), रमेश (35), कियान, रियांशी, मोहन सिंह, प्रियंका और एक अज्ञात महिला शामिल हैं। मृतक सभी सिरमौर और शिमला जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे के कारणों की जांच के आदेश
पुलिस के अनुसार यह निजी बस वर्ष 2008 में खरीदी गई थी और इसकी फिटनेस अगले महीने समाप्त होने वाली थी, जबकि बस का परमिट वर्ष 2028 तक वैध था। सरकार ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। ओवरलोडिंग, सड़क की स्थिति और बस की तकनीकी हालत की विस्तृत जांच की जा रही है। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
