एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित ओकओवर से 26 नई एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस को राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवा (एनएसए-108) में शामिल करने की घोषणा की। साथ ही, तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 की शुरुआत की गई, जो राज्य में जन-स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में 241 एम्बुलेंस एनएसए योजना के तहत कार्यरत हैं और अब इनमें 26 नई ALS एम्बुलेंस जुड़ने से आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। इन नई एम्बुलेंस में 19 अत्याधुनिक जीवन रक्षक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें ट्रांसपोर्ट वेंटिलेटर, ईसीजी मशीन, आपातकालीन एम्बू बैग, ऑक्सीजन सिलेंडर, रक्तचाप निगरानी मशीन और अन्य अत्यावश्यक चिकित्सा उपकरण आदि शामिल है।
ये एम्बुलेंस राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों, जिला अस्पतालों, सिविल अस्पतालों तथा दूरदराज के क्षेत्रों में तैनात की जाएंगी, जिससे समय पर गंभीर मरीजों को जीवन रक्षक उपचार मिल सकेगा। साथ ही, प्रत्येक ALS एम्बुलेंस में आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन (EMT) भी नियुक्त होंगे।
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0’ को भी हरी झंडी दिखाई, जो 60-दिन यानी 8 दिसंबर तक चलेगा। अभियान के दौरान तंबाकू के खिलाफ जागरूकता, रोकथाम और कानूनों के सख्त पालन पर ज़ोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत में हर साल 1.35 लाख से अधिक मौतें तंबाकू के कारण होती हैं। तंबाकू के सेवन से कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की बीमारियों का खतरा बढ़ता है और यह युवाओं को ड्रग्स जैसे अन्य नशों की ओर भी धकेल सकता है।
सरकार ने ई-सिगरेट, हुक्का बार और सभी प्रकार के तंबाकू उत्पादों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है। पुलिस और फ्लाइंग स्क्वॉड राज्यभर में निगरानी अभियान चलाएंगे। इसके अलावा, तंबाकू दुकानों को नियंत्रित करने के लिए विक्रेता लाइसेंस नियम लागू किए गए हैं।
शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों की भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों को ‘तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान दिशा-निर्देशों’ का पालन करना अनिवार्य होगा। संस्थानों के आसपास तंबाकू की बिक्री, विज्ञापन और उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। राज्य में 109 दिशा केंद्रों और सभी प्रमुख अस्पतालों में निःशुल्क परामर्श सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे लोग तंबाकू की लत छोड़कर स्वस्थ जीवन जी सकें। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को तंबाकू से दूर रहने की शपथ दिलाई और समाज के सभी वर्गों से अभियान को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक, महापौर, और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।