एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज अपने गृह क्षेत्र जुब्बल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ठाकुर राम लाल में छात्राओं की राज्य स्तरीय अंडर-14 खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि दिसंबर माह में हिमाचल प्रदेश में तीन राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसके लिए 1 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। इन प्रतियोगिताओं में देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं में अंडर-14 छात्र वर्ग (वॉलीबाल), अंडर-19 छात्र वर्ग (हैंडबॉल और कबड्डी) की स्पर्धाएं होंगी।

राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ
इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने राज्य भर से आई छात्राओं को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी और विद्यालय प्रशासन को बधाई दी। प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों और एक खेल छात्रावास सहित कुल 507 छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिताओं में वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और टेबल टेनिस जैसी खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।
छात्र जीवन में खेलों का महत्व
रोहित ठाकुर ने कहा कि खेलों का छात्र जीवन में विशेष महत्व है। खेल न केवल बच्चों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं बल्कि उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। सरकार ने हाल ही में खिलाड़ियों की “डाइट मनी” 120 रुपए से बढ़ाकर 220 रुपए की है और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश भर में 9 खेल छात्रावास हैं, जिसमें ठाकुर राम लाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खेल छात्रावास (कन्या) सबसे बड़ा बनकर उभर रहा है। यहाँ वॉलीबाल, कबड्डी और बैडमिंटन में प्रशिक्षण दिया जाता है।
ठाकुर रामलाल का खेलों से गहरा संबंध
शिक्षा मंत्री ने संस्थान के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यहाँ से कई प्रतिभाशाली छात्र प्रदेश और देश में अपनी पहचान बना चुके हैं। इनमें उनके दादा ठाकुर रामलाल भी शामिल हैं, जिनका खेलों से गहरा संबंध था और जिन्होंने शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्टता प्राप्त की।
शिक्षा क्षेत्र में जुब्बल में प्रगति
रोहित ठाकुर ने बताया कि जुब्बल में शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है। डकैढ़ गाँव में 17 करोड़ रुपए की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान बनाया जा रहा है। साथ ही आईटीआई जुब्बल का नया भवन नवंबर माह में जनता को समर्पित किया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित
इस अवसर पर निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग आशीष कोहली, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, तहसीलदार जुब्बल जितेंद्र ठाकुर, स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य केशव शर्मा, कमांडेंट राजपाल नेपटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोतिलाल सिथटा एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
