एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के फायर स्टेशन में सोमवार को फायर सर्विस वीक–2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख एनजेएचपीएस राजीव कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट कौशलेंद्र सिंह ने भी विशेष रूप से शिरकत की।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि राजीव कपूर ने फायर सर्विस कर्मियों की तत्परता, समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। इस अवसर पर फायर सर्विस वीक के दौरान आयोजित निबंध, स्लोगन और क्विज प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान फायर विंग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने सप्ताह भर आयोजित जागरूकता और प्रशिक्षण गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। इसमें अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया, फर्स्ट एड तथा एलपीजी सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई। इन गतिविधियों का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
