एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
लॉयन्स क्लब शिमला ने सामाजिक प्रतिबद्धता निभाते हुए रक्तदान सेवा परिवार सोसाइटी, रामपुर को एम्बुलेंस भेंट कर दो माह पूर्व किए गए अपने वादे को पूरा किया है। दो माह पहले सोसाइटी के सदस्य खनेरी अस्पताल में लॉयन्स क्लब शिमला के पदाधिकारियों से मिले थे। इस दौरान क्लब ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हाथों अस्पताल को दस स्ट्रेचर भी भेंट किए थे। उसी बैठक में सोसाइटी ने रामपुर क्षेत्र में एम्बुलेंस की कमी की समस्या को प्रमुखता से उठाया था, जिस पर क्लब ने गंभीरता दिखाते हुए एम्बुलेंस उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था।
अब क्लब द्वारा यह वादा पूरा करते हुए सोसाइटी को एम्बुलेंस सौंप दी गई है, जिससे क्षेत्र में मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। सोसाइटी के अध्यक्ष नितीश भारती ने बताया कि पहले उनके पास केवल एक ही एम्बुलेंस थी, जिससे प्रदेश और प्रदेश के बाहर मरीजों को ले जाने में कठिनाई होती थी। नई एम्बुलेंस मिलने से इस समस्या का समाधान हो गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि एम्बुलेंस सेवा को पूरी जिम्मेदारी के साथ संचालित किया जाएगा।
सोसाइटी के सदस्यों ने इस सहयोग के लिए लॉयन्स क्लब शिमला का आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से क्लब के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण वैध, उप प्रधान ओपी मेहता, पास्ट प्रेजिडेंट एवं जोनल चेयरपर्सन मनमोहन वर्मा, कोषाध्यक्ष केआर शर्मा सहित अन्य सदस्यों का धन्यवाद किया गया।
