एआरबी टाइम्स ब्यूरो | सोलन
Solan Drug Case : जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। परवाणू में पुलिस ने हरियाणा के दो आरोपी चिट़्टे के साथ पकड़े हैं। दोनों के कब्जे से 11.45 ग्राम चिट्टा और 3.56 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
नशे की सप्लाई देने जा रहे थे होटल
पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल देर रात गुप्त सूचना के आधार पर परवाणू क्षेत्र में नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान पुलिस ने एक ब्रेजा कार को जांच के लिए रोका। कार में हरियाणा के नारायणगढ़ निवासी दो युवक सवार थे। तलाशी लेने पर दोनों संदिग्ध पाए गए। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी परवाणू के एक निजी होटल में चल रही पार्टी में नशे की सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 11.45 ग्राम चिट्टा और 3.56 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और वाहन को भी जब्त कर लिया। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
किसको देनी थी नशे की खेप, पता करने में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से यह जानकारी जुटाई जा रही है कि नशे की खेप किसे दी जानी थी और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। सोलन पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में चिट्टे से जुड़े कुल छह मामले दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में कुल 38.63 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
यह भी पढ़ें
Solan : कसौली हेरिटेज मार्केट में भीषण आग, 8 दुकानें जलकर राख; सिलेंडर धमाकों से करोड़ों का नुकसान
