एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के पुलिस थाना जुब्बल में दर्ज चिट्टा तस्करी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले की जांच के दौरान बैकवर्ड लिंकेज स्थापित करते हुए पुलिस ने तरुण ठाकुर (33) को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया है।
आरोपी तरुण ठाकुर गांव चोगटाली, सिरमौर का निवासी है और वर्तमान में एसबीआई की रोहड़ू शाखा में लोन मैनेजर के पद पर तैनात था। पुलिस जांच में सामने आया कि वह मादक पदार्थ चिट्टा/हेरोइन की खरीद-फरोख्त में सक्रिय रूप से संलिप्त था। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी का सीधा संपर्क पंजाब के अमृतसर निवासी मुख्य सप्लायर लुकास उर्फ लकी से था। दोनों के बीच ऑनलाइन माध्यम से वित्तीय लेन-देन भी हुए, जिससे इस अवैध नेटवर्क की पुष्टि हुई है। अब तक इस संगठित चिट्टा तस्करी नेटवर्क में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में पंजाब से सप्लाई, हिमाचल में वितरण और ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन की स्पष्ट कड़ियां सामने आई हैं।
इससे पहले ये किए जा चुके गिरफ्तार
- 9 फरवरी 2026: थाना जुब्बल पुलिस ने एक महिला को 13.46 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया
- 17 मार्च 2026: मुख्य सप्लायर लुकास उर्फ लकी (अमृतसर) गिरफ्तार
- 6 अप्रैल 2026: तीन आरोपी आशीष उर्फ गांधी, मनोज ठाकुर उर्फ सनी और खुशी राम उर्फ कुश गिरफ्तार
- 16 अप्रैल 2026: तरुण ठाकुर की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार यह एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क था, जिसमें पंजाब से नशे की आपूर्ति कर हिमाचल में वितरण किया जा रहा था। इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त हुआ है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की जांच जारी है।
