एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में खाद्य आपूर्ति निगम ने दालों की सप्लाई भेजना शुरू कर दी है। निगम का कहना है कि अगले 10 दिनों के भीतर सभी गोदामों में स्टॉक पूरा कर दिया जाएगा, जिसके बाद सस्ते राशन की दुकानों (डिपो) में उपभोक्ताओं को दालें उपलब्ध करवा दी जाएंगी। इस बार निगम ने केंद्र से 1.95 लाख क्विंटल दालों की मांग की थी, जिसकी सप्लाई 6 सितंबर से शुरू हो चुकी है।
👉 दालों की नई कीमतें (प्रति किलो):
-
उड़द दाल – ₹76
-
चना दाल – ₹72
-
मलका दाल – ₹66
पिछले एक माह से उपभोक्ताओं को सिर्फ बचा हुआ कोटा दिया जा रहा था और कई गोदामों में दालें पूरी तरह खत्म हो गई थीं। अब नई सप्लाई आने से करीब 19.5 लाख उपभोक्ताओं को बाजार से महंगी दाल खरीदने से राहत मिलेगी। हालांकि, इस बार दालें 8 से 12 रुपये महंगी मिलेंगी। दामों में यह बढ़ोतरी केंद्र द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) बढ़ाने और पैकिंग पर 5% टैक्स लगने के कारण हुई है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को बाजार की तुलना में डिपो से दालें सस्ती मिलेंगी।
