एआरबी टाइम्स ब्यूरो | धर्मशाला
Himachal TET Result : हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10 विषयों में आयोजित अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET) का परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में शामिल हुए 33,083 अभ्यर्थियों में से केवल 8,459 अभ्यर्थी ही सफल घोषित किए गए हैं। इस प्रकार कुल परीक्षा परिणाम 25.6 प्रतिशत रहा है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षा बोर्ड ने नवंबर माह में 10 विषयों के लिए TET परीक्षा आयोजित की थी। इसके लिए कुल 36,571 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 33,083 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 3,488 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान 24,622 अभ्यर्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित किया गया है। वहीं, दो अभ्यर्थियों पर नकल दर्ज किया गया है। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि परीक्षा परिणाम, परीक्षार्थियों द्वारा अस्थायी उत्तरकुंजी पर दर्ज करवाई गई आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों से समीक्षा के बाद तैयार की गई अंतिम उत्तरकुंजी के आधार पर घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए TET प्रमाण पत्र डिजिलॉकर पर भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। नकल के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा के दौरान पकड़े गए टीजीटी हिंदी और जेबीटी विषय के दो अभ्यर्थियों को एक वर्ष के लिए डिसक्वालिफाई कर दिया है। बोर्ड की यूएमसी शाखा ने इनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है।
