एआरबी टाइम्स टीम | शिमला / कुल्लू/किन्नौर
Himachal Weather Update : हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और मध्यम व निचले इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोर्टल पर ढाई फीट से अधिक ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। इसके चलते लाहौल स्पीति जिला का देश के अन्य हिस्सों से संपर्क पूरी तरह से कट गया है। अटल टनल के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत पाने के लिए पहाड़ों में घूमने आए सैलानी बर्फबारी और बारिश के कारण जगह-जगह फंस गए हैं।
रोहतांग दर्रा और शिंकुला दर्रा में करीब तीन फीट बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि किन्नौर के कल्पा, सांगला और छितकुल जैसे क्षेत्रों में 3 से 5 इंच तक ताजा हिमपात हुआ है। वहीं शिमला, कांगड़ा, चंबा, हमीरपुर और मंडी सहित कई जिलों में रात से झमाझम बारिश हो रही है। राजधानी शिमला में शुक्रवार को भी झमाझम बारिश का क्रम जारी रहा। आंकड़ों के अनुसार मनाली में 57 मिलीमीटर और राजधानी शिमला में 29.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सुबह कुछ समय के लिए राहत मिली, लेकिन बाद में फिर से बारिश शुरू हो गई और देर शाम तक जारी रहने की संभावना है।

❄️ अधिकतम तापमान में 12 डिग्री तक की गिरावट
मौसम में बदलाव के बाद प्रदेश में कड़ाके की ठंड लौट आई है। कई शहरों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है और अधिकतम तापमान सामान्य से 12 डिग्री तक कम रिकॉर्ड किया गया है। ऊना में अधिकतम तापमान 17.6°C, भुंतर में 15.4°C और सोलन में 16.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी कम है। वहीं, बारिश और बर्फबारी के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। कुल्लू के इनर अखाड़ा क्षेत्र और मनाली के अलेऊ में लैंडस्लाइड से सड़कें बाधित हुई हैं।
🌩️ ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार, मंडी, शिमला और सिरमौर में बिजली गिरने और 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
🌤️ आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस कमजोर पड़ने के बाद 23 मार्च को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 24 और 25 मार्च को मौसम साफ रहेगा, जबकि 26 मार्च को फिर से बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
