एआरबी टाइम्स ब्यूरो
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे राज्यव्यापी एंटी चिट्टा अभियान के तहत पुलिस ने मंगलवार को बड़े पैमाने पर विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक पूरे प्रदेश में एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सभी 12 जिलों के 41 शिक्षण संस्थानों और 598 दुकानों में तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस ने 12 मामले दर्ज किए, जबकि 385 चालान किए गए।
नशामुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की पहल
ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य कॉलेजों, छात्रावासों और उनके आसपास के क्षेत्रों में नशामुक्त माहौल बनाना था। पुलिस टीमों ने संस्थानों की ओर से नामित अधिकारियों की मौजूदगी में हॉस्टलों, पार्किंग स्थानों, कक्षों और आवासीय ब्लॉकों की गहन तलाशी ली। कई स्थानों पर छात्रों और कर्मचारियों के मोबाइल फोनों की डिजिटल जांच भी की गई, ताकि नशा तस्करी, लेनदेन या किसी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके।
संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने कई नए संवेदनशील जोन चिन्हित किए हैं, जहां जल्द ही अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षण परिसरों के साथ-साथ पुलिस ने आसपास स्थित दुकानों, खोखों और टैक्सियों का भी सत्यापन किया। अनियमितताएं पाए जाने पर मौके पर ही कानूनी कार्रवाई की गई।
डीजीपी का बयान
पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने कहा—
“प्रदेश सरकार के निर्देशों पर हिमाचल पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अभिभावकों, छात्रों और आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या हेल्पलाइन पर दें।”
इन प्रमुख संस्थानों में भी दबिश
मेडिकल कॉलेज नाहन के छात्रावास
डेंटल कॉलेज पांवटा साहिब
आईआईएम धौलाकुआं
बड़ू साहिब कॉलेज हॉस्टल
हिमालयन इंस्टीट्यूट, कालाअंब
हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, बिलासपुर
