एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की उपस्थिति में आज हिमाचल प्रदेश वन विभाग और सिंगापुर स्थित कंपनी प्रोक्लाइम के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) हस्ताक्षरित किया गया। प्रदेश सरकार की ओर से वन बल प्रमुख डॉ. संजय सूद तथा कंपनी की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी केविन कुमार कंदसामी ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना जलवायु संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि का एक प्रभावी माध्यम सिद्ध होगी। योजना के तहत प्रदेश के 50 हजार से अधिक किसान लाभान्वित होंगे। किसानों की भूमि और खेतों की मेड़ों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने वन विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को पौधारोपण के लिए आर्थिक सहायता व अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जाए। इस परियोजना के अंतर्गत किसानों को पांच वर्ष बाद कार्बन क्रेडिट का लाभ मिलेगा, साथ ही कंपनी के मुनाफे का 30 प्रतिशत हिस्सा भी किसानों को दिया जाएगा।
यह योजना तीन चरणों में लागू की जाएगी, जिससे प्रदेश का हरित आवरण बढ़ेगा और किसानों के लिए रोजगार व आय के नए अवसर उत्पन्न होंगे। इससे मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार, भूमि कटाव में कमी, खेतों में जैव विविधता में वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव सुशील सिंगला, प्रोक्लाइम कंपनी के तकनीकी निदेशक सम्राट सेनगुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
