दुबई (एजेंसी)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अक्टूबर में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान कर दिया है। चयनकर्ताओं ने इस सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम चुनी है। शुभमन गिल को टेस्ट कप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को उपकप्तान बनाया गया है। नियमित उपकप्तान ऋषभ पंत इंग्लैंड दौरे पर चोटिल होने के बाद अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं, इसलिए इस बार वह टीम का हिस्सा नहीं होंगे। चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम का एलान किया। सीरीज का पहला टेस्ट 2 अक्टूबर से अहमदाबाद और दूसरा टेस्ट 10 अक्टूबर से दिल्ली में खेला जाएगा।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में भारत की स्थिति
यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा है। फिलहाल भारत पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है। हाल ही में भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही थी। वहीं, वेस्टइंडीज अब तक खेले गए तीनों मैच हारकर छठे स्थान पर है। डब्ल्यूटीसी के तहत यह भारत की पहली होम सीरीज और विंडीज की पहली अवे सीरीज होगी।
पंत की गैरमौजूदगी में जुरेल को मौका
ऋषभ पंत की अनुपस्थिति में ध्रुव जुरेल को मुख्य विकेटकीपर की भूमिका सौंपी गई है। जुरेल ने इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-तेंडुलकर ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया था। एन जगदीसन को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया है।
नई प्रतिभाओं को मौका, कुछ खिलाड़ी बाहर
टीम में युवा खिलाड़ियों को भी अवसर मिला है। नीतीश रेड्डी और देवदत्त पडिक्कल को स्क्वॉड में जगह दी गई है। पडिक्कल ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 150 रन की पारी खेली थी। वहीं, करुण नायर, शार्दुल ठाकुर और अभिमन्यु ईश्वरन को इस बार टीम से बाहर कर दिया गया है।
