International Boxing Championship : अम्मान में मुक्केबाजी में भारत का परचम, 11 गोल्ड सहित 25 पदक जीते

एआरबी टाइम्स ब्यूरो 

शिमला। जोर्डन की राजधानी अम्मान में 17 से 30 अप्रैल तक आयोजित लड़के और लड़कियों की अंडर-15 अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 25 पदक जीते। प्रतियोगिता में भारत के 30 होनहार खिलाड़ियों ने भाग लिया और देश का नाम गौरवान्वित किया। भारतीय दल ने 11 स्वर्ण, 3 रजत और 11 कांस्य पदकों के साथ शानदार समापन किया। यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने न केवल अपने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया बल्कि अनुशासन और समर्पण से पूरी दुनिया में भारत की छवि को मजबूत किया। खिलाड़ियों की सफलता को लेकर देशभर में खुशी की लहर है और कोच टेक चंद को विशेष बधाइयां दी जा रही हैं।

कोच टेक चंद भारतीय मुक्केबाजी में एक जाना-पहचाना नाम हैं। इससे पहले वे दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारतीय मुक्केबाजों को पदक दिला चुके हैं। उनकी देखरेख में भारतीय दल ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। कोच टेक चंद मूलरूप से हिमाचल के कुल्लू जिले के निरमंड ब्लॉक के सुनैर गांव से हैं। उनकी मेहनत, समर्पण और मार्गदर्शन ने न केवल उनके गांव और राज्य बल्कि पूरे भारत को गौरवान्वित किया है। इस शानदार प्रदर्शन ने न केवल भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूत उपस्थिति दिलाई है, बल्कि आने वाले युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा दी है कि कठिन मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *