एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कथित बागवान विरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा नेता चेतन बरागटा के नेतृत्व में जुब्बल में जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन HPMC के माध्यम से एमआईएस (MIS) योजना के तहत खरीदे गए सी-ग्रेड सेब के भुगतान और सुविधाओं में हो रही भारी देरी को लेकर आयोजित किया गया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए चेतन बरागटा ने कहा कि सरकार ने बागवानों से सी-ग्रेड सेब तो खरीद लिया, लेकिन इसके बदले आज तक न तो समय पर भुगतान किया गया और न ही खाद, स्प्रे ऑयल, दवाइयाँ अथवा बागवानी में प्रयोग होने वाले आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि HPMC पर बागवानों का ₹130 करोड़ से अधिक का भुगतान लंबित है, जो प्रदेश सरकार की नाकामी और असंवेदनशील रवैये को उजागर करता है।
बरागटा ने कहा कि जिस सरकार को बागवानों की आजीविका की चिंता करनी चाहिए थी, वह केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित रह गई है। बागवान गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं, लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है।
उन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो मंत्री अपने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों को संभालने में असफल हैं, उनसे बागवानी और बागवानों के हितों की रक्षा की उम्मीद करना बेमानी है। शिक्षा और बागवानी, दोनों ही क्षेत्रों में प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।
चेतन बरागटा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बागवानों का लंबित भुगतान नहीं किया गया और आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई, तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
