एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर, बुशहर
11 से 14 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में रामपुर में 5 से 10 नवंबर तक राज्यस्तरीय कबड्डी, बॉक्सिंग और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में आज उपमंडल अधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
कबड्डी प्रतियोगिता (5 से 7 नवंबर)
कबड्डी प्रतियोगिता 5 से 7 नवंबर तक आयोजित होगी। इसमें 6 महिला और 6 पुरुष वर्ग की टीमें भाग लेंगी। इसके अलावा बुशहर कबड्डी संघ की महिला और पुरुष टीम भी इस प्रतियोगिता का हिस्सा होंगी। संघ के संयोजक अनिरुद्ध सिंह बिष्ट ने बताया कि लवी मेले से पहले इस प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
महिला वर्ग की टीमें: साईं हॉस्टल धर्मशाला, खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा, कोहिनूर अकादमी धबोटा, कृष्णा अकादमी बिलासपुर, पांवटा अकादमी पांवटा साहिब और स्टेट हॉस्टल बिलासपुर।
पुरुष वर्ग की टीमें: खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा, कोहिनूर अकादमी धबोटा, साईं हॉस्टल बिलासपुर, बीबीएन नालागढ़ और कृष्णा अकादमी।
बॉक्सिंग प्रतियोगिता (8 से 10 नवंबर)
बॉक्सिंग प्रतियोगिता 8 से 10 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इस बारे में बुशहर बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष तिलक राज शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें भाग लेंगी। इसमें हरियाणा, भोपाल, रोहड़ू, शिमला, सुंदरनगर, ऊना, किन्नौर और रामपुर की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता पुरुष और महिला वर्ग दोनों के लिए आयोजित की जाएगी।
बैडमिंटन प्रतियोगिता (6 से 8 नवंबर)
बैडमिंटन प्रतियोगिता 6 से 8 नवंबर तक आयोजित होगी। बुशहर बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने बताया कि इसमें रामपुर उपमंडल के पंजीकृत क्लबों के खिलाड़ी भाग लेंगे।