एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के कंड ग्वालटिक्कर में रविवार को एक 10 वर्षीय छात्र फंदे से झूलता मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पालमपुर थाना के डीएसपी लोकेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मृतक नाबालिग स्थानीय निजी स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ता था।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह बच्चा अपने परिजनों के साथ स्थानीय मंदिर में दर्शन करने गया था। मंदिर से लौटने के कुछ ही समय बाद वह घर के एक कमरे में चला गया। थोड़ी देर बाद उसकी बहन ने उसे फंदे से झूलता पाया, जिसके बाद चीख–पुकार मच गई। परिजनों ने तुरंत बच्चे को नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
