एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जिला शिमला के कुमारसैन उपमंडल के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर किंगल के समीप शनिवार को एक ट्रैवलर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में वाहन में सवार सभी 18 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन तथा स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर रूप से घायलों को महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी रेफर किया गया। खनेरी लाए गए घायलों में थन बहादुर, अश्मिता, निर्मल, सुशीला और सृष्टि शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर नेपाल बॉर्डर से कुमारसैन के सैंज की ओर जा रही थी। वाहन में सवार सभी यात्री प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं। इस संबंध में कुमारसैन थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
