एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
Kufri Murder Case : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कुफरी क्षेत्र में हत्या का मामला सामने आया है। कुफरी पीएचसी के पास देर रात हुए झगड़े के बाद एक व्यक्ति ने अपने ही साथी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान राजकुमार निवासी नेपाल के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार राजकुमार और आरोपी भानु दोनों नेपाल के रहने वाले थे और कुफरी में एक स्थानीय ठेकेदार के पास मजदूरी का काम करते थे। दोनों एक ही कमरे में रहते थे। 15 जनवरी की रात खाना खाने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
शोर सुनकर पास के कमरे में रहने वाले भगत शाही मौके पर पहुंचे तो देखा कि राजकुमार बिस्तर पर लहूलुहान हालत में पड़ा था और उसके सिर में गंभीर चोटें थीं। वहीं आरोपी भानु भक्त भी घायल अवस्था में कमरे में मौजूद था। दोनों को तत्काल उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ढली थाना पुलिस सक्रिय हुई। एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी का भी मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ, जिससे विवाद जानलेवा बन गया।
