एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ कुल्लू जिले में आपदा प्रभावित पेयजल योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि हाल ही में आई आपदा के कारण जिला कुल्लू में पेयजल योजनाओं का संचालन प्रभावित हुआ था। कुल्लू जिला में जल शक्ति विभाग की 708 योजनाओं में से 506 योजनाएं आपदा से प्रभावित हुई थीं।
अब तक 432 योजनाओं को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है, और शेष योजनाओं की बहाली का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात इन योजनाओं की बहाली में लगे हुए हैं ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को शीघ्र राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक प्रभावित क्षेत्र को शीघ्र सामान्य जलापूर्ति प्रदान की जाए। “आपदा के इस समय में प्रदेश सरकार जनता के साथ खड़ी है, और हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं ताकि लोगों को असुविधा न हो,” उन्होंने कहा।
राहत कार्य और पुनर्वास की प्राथमिकता
उपायुक्त कुल्लू, तोरुल एस. रवीश ने शुक्रवार रात बंजार उपमंडल के पटवार वृत जीभी के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। भारी वर्षा और बादल फटने से क्षेत्र में जलस्तर बढ़ गया था। एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने राहत सामग्री और फौरी सहायता प्रदान करने के लिए प्रभावित गांवों का दौरा किया।
इस घटना में लोगों की संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है, जिसमें घर, मछली फार्म, मंदिर, पशुशालाएं और वन विभाग की पुलिया शामिल हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह से प्रभावितों को राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, और विभागीय अधिकारी सेवाओं की बहाली में जुटे हैं।
आपदा राहत की दिशा में निरंतर कार्यरत प्रशासन
कुल्लू जिला में व्यापक आपदा के कारण सड़क, बिजली, और पेयजल आपूर्ति की बहाली में तेजी से काम किया जा रहा है। जिला प्रशासन की पूरी मशीनरी राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से लगी हुई है।
