एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
कुमारसैन थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वाहन जांच के दौरान 10.92 ग्राम चिट्टा के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना कुमारसैन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 24 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे उपमंडल रामपुर की डिटेक्शन टीम द्वारा की गई। हेड कांस्टेबल पियूष राज की शिकायत पर यह केस दर्ज किया गया। टीम ने कुमारसैन के देथल क्षेत्र के पास वाहन नंबर HP06A-6739 को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन में सवार तीन युवकों के कब्जे से 10.92 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
तीन आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
-
कुलदीप (31) निवासी गांव डकोलड़, शिंगला, रामपुर
-
सोनू (26) निवासी गांव डोबी, डाकघर करतोट, रामपुर
-
दीपक (35) निवासी गांव डाली, डाकघर थानाधार, कुमारसैन
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच कुमारसैन थाना में तैनात एएसआई किशोरी लाल द्वारा की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। इसके साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें
>> Bilaspur Drug Case : पुलिस जवान और बिजली बोर्ड कर्मी 2.85 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार
शिमला में चिट्टे के साथ पकड़ा गया पुलिस कांस्टेबल बर्खास्त
इसी बीच शिमला में चिट्टा तस्करी के मामले में ट्रैफिक पुलिस के एक कांस्टेबल को बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने आरोपी कांस्टेबल राहुल कुमार को संविधान के अनुच्छेद 311(2)(बी) के तहत तत्काल प्रभाव से सेवा से बाहर करने के आदेश जारी किए हैं। 22 जनवरी की रात शोघी बैरियर पर जांच के दौरान वाहन से 9.480 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल कुमार शिमला ट्रैफिक पुलिस में तैनात था। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
ये भी पढ़ें : >> Himachal : शिमला में 9.480 ग्राम चिट्टे के साथ पुलिस कांस्टेबल समेत तीन गिरफ्तार
