एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। जिला किन्नौर, हिमाचल प्रदेश के राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 (NH-5) पर मंगलवार रात वांगतू के पास भारी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ, जिसमें 6 ट्रक क्षतिग्रस्त हो गए और 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ जब लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर सड़क पर गिर गए। जिस कारण सड़क यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गई थी, जो कि बुधवार को दोपहर तक यातायात के लिए बहाल कर दी गई। लेकिन निगुलसरी में आज भी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप्प पड़ी हुई है।
प्रभावित ट्रकों में खड़े ड्राइवर और श्रमिक घायल हो गए। घायलों में एचआर-37ई0875 नंबर के टैंकर चालक बलवंत सिंह (जिला कांगड़ा) और उत्तर प्रदेश के रहने वाले 5 मजदूर शामिल हैं — अशोक, शमसुद्दीन, सूरज, मोहम्मद सिराज और हसन। सभी घायलों का इलाज शोल्टू स्थित जे.एस.डब्ल्यू. अस्पताल में चल रहा है।
स्थानीय लोगों और ट्रक चालकों द्वारा मार्ग के किनारे खड़े किए गए वाहनों पर अचानक गिरे पत्थरों से अफरातफरी मच गई। पुलिस और होमगार्ड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। अन्य किसी के फंसे होने की आशंका को देखते हुए सर्च अभियान भी चलाया गया, लेकिन कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला। एस.डी.पी.ओ. भावानगर राजकुमार वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 6 लोग घायल और 6 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

उपायुक्त ने किन्नौर ने किया घटना स्थल का दौरा
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बुधवार को घटनास्थल — वांगतू, शोंगटोंग और नाथपा क्षेत्रों का दौरा कर राहत व बहाली कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और श्रमिकों को तेजी से सड़क बहाली के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, राष्ट्रीय उच्च मार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
