एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। लूहरी जल विद्युत परियोजना-1 द्वारा हिन्दी पखवाड़ा 2025 के समापन अवसर पर शनिवार को कार्यालय परिसर, बिथल में हिन्दी कार्यशाला, काव्य गोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में आयोजित हिन्दी कार्यशाला में मुख्य वक्ता डॉ. मदन लाल, एसोसिएट प्रोफेसर, राजकीय महाविद्यालय निरमंड ने राजभाषा हिन्दी के प्रभावी प्रयोग एवं प्रशासनिक कार्यों में इसके महत्व पर व्यापक विचार प्रस्तुत किए। इसके पश्चात काव्य गोष्ठी में परियोजना के अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए भावपूर्ण काव्य पाठ प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायक दिशा निर्देशों के तहत हिन्दी पखवाड़ा का समापन हुआ। मानव संसाधन विभागाध्यक्ष धीरज गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि “हिन्दी हमारी पहचान और गौरव की भाषा है। प्रशासनिक कार्यों में हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग कर हम अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सशक्त बना सकते हैं। लूहरी जल विद्युत परियोजना-1 लगातार इस दिशा में प्रयासरत है।”
कार्यक्रम के अंतिम चरण में श्रुत लेखन, शुद्ध-अशुद्ध शब्द, अनुवाद प्रतियोगिता, काव्य-गोष्ठी जैसे विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अंत में कनिष्ठ अधिकारी (राजभाषा) मनीष कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और विशेष रूप से परियोजना प्रमुख व निर्णायक मंडल को धन्यवाद दिया, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफल हुआ।