एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल के विकासखंड ननखड़ी की देलठ बीट में वीरवार रात उस समय राहत की सांस ली गई जब एक मादा भालू अपने दो शावकों सहित पिंजरे में कैद हो गई। नावण गांव में यह पिंजरा वन विभाग ने लगभग एक सप्ताह पहले लगाया था। ग्रामीण लगातार शिकायत कर रहे थे कि एक भालू घरों के ओबरों के दरवाजे तोड़कर भीतर रखे मधुमक्खी के छत्तों की गंध से आकर्षित होकर बार-बार पहुंच रहा है।
लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने गांव में पिंजरा लगाया था, जिसमें वीरवार देर रात मादा भालू अपने दोनों शावकों सहित फंस गई। विभागीय टीम सुबह मौके पर पहुंची और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि प्राथमिक रूप से यह वही भालू प्रतीत हो रही है जिसने अक्टूबर माह में बड़ाच गांव में एक गाय पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। उस घटना के बाद विभाग ने विशेष सर्च अभियान भी चलाया था, लेकिन भालू पकड़ में नहीं आई थी।
अब विभाग यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि क्या यही आक्रामक मादा भालू है या क्षेत्र की कोई दूसरी भालू। भालू और उसके दोनों शावकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाने की तैयारियों में जुट गया है।
