एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना में सेवारत दो जवानों की मौत हो गई। दोनों युवक अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए कार से गांव ब्रेगन जा रहे थे। देर शाम उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 600 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नितेश (32) निवासी टारना हिल, थनेहड़ा मोहल्ला और महेंद्र कुमार निवासी दूसरा खाबू, बल्ह के रूप में हुई है। दोनों युवक भारतीय सेना में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8:15 बजे जब शादी में जा रही एक अन्य कार दरलोग पहुंची तो पीछे चल रही युवकों की कार नजर नहीं आई। इस पर साथियों ने उन्हें कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कुछ देर बाद एक महिला ने फोन उठाया और बताया कि मोबाइल सड़क पर पड़ा मिला है तथा कार खाई में गिर चुकी है। सूचना मिलते ही दोस्त तुरंत वापस लौटे और हादसा स्थल पर पहुंचे। खाई में उतरकर उन्होंने देखा कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और दोनों युवक वाहन से बाहर मृत अवस्था में पड़े थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने भी मामला दर्ज कर हादसे के कारणों को जांच शुरू कर दी है।
