एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने अपने पति पर उबलता दूध फेंक दिया। घटना में पति का चेहरा और शरीर का करीब 15 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना मंडी जिले के सरकाघाट सब-डिवीजन के जमनौण गांव की बताई जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, बुधवार को महिला काफी देर से मोबाइल फोन चला रही थी। जब पति ने उसे मोबाइल चलाने से रोका तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि बहस के बाद महिला रसोई में गई और वहां रखा उबलता हुआ दूध लाकर पति पर फेंक दिया। गर्म दूध गिरने से पति का चेहरा, छाती और पेट झुलस गया। पति की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए महिला को पूछताछ के लिए हटली थाना बुलाया। पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 के तहत मामला दर्ज किया है। पड़ोसियों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला पहले भी पुलिस तक पहुंच चुका है। उस समय भी महिला ने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज करवाई थी।
पत्नी ने भी पति पर दर्ज कराई FIR
दूसरी ओर, महिला ने भी अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का आरोप है कि उसका पति अक्सर शराब पीकर मारपीट और गाली-गलौज करता है। उसने बताया कि 10 मार्च को शाम करीब 8 बजे पति ने उसके सिर पर चाकू रखकर मारपीट की, जिससे उसके कपड़े भी फट गए। महिला ने मेडिकल करवाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
