एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडल मुख्यालय रामपुर के पीएम श्री राजकीय केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय रामपुर की छात्रा आयुश्री कौशल ने एससीईआरटी (SCERT) सोलन द्वारा आयोजित मिडल मैरिट छात्रवृत्ति परीक्षा के द्वितीय चरण में शिमला ज़िले के शीर्ष 10 विद्यार्थियों में स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल रामपुर खंड बल्कि पाठशाला और माता-पिता भी गौरवान्वित हुए हैं। विद्यालय की केंद्र मुख्य शिक्षिका सरोज मेहता ने आयुश्री एवं उसके माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रा की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
मिडल मैरिट छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत आयुश्री को छठी, सातवीं और आठवीं कक्षा में क्रमशः ₹4000, ₹5000 और ₹6000 की वार्षिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
