एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और सुक्खू सरकार पर मनरेगा के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, ग्रामीण और श्रमिक वर्ग के हित में विकसित भारत जी राम जी (विबी–जी राम जी ) जैसी प्रभावी, पारदर्शी और भविष्य उन्मुख योजना लागू की है, जबकि कांग्रेस इसका राजनीतिक विरोध कर रही है। उन्होंने ने कहा कि मनरेगा को लेकर सुक्खू सरकार की गंभीरता इसी बात से उजागर होती है कि अगस्त के बाद से राज्य सरकार ने अपने हिस्से की दिहाड़ी का भुगतान नहीं किया है। मजदूरों को केवल केंद्र सरकार की ओर से जारी राशि ही मिल पाई है, जो राज्य सरकार की प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विकसित भारत जी राम जी योजना केवल मजदूरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थायी आजीविका, कौशल विकास और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण की दिशा में एक ठोस पहल है। इसमें समयबद्ध भुगतान, तकनीक आधारित निगरानी और भ्रष्टाचार पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित किया गया है, जो कांग्रेस शासन में कभी संभव नहीं हो पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भगवान राम के नाम से अपनी चिढ़ के कारण ही इस योजना का विरोध कर रही है। राधे–राधे के विरोध को भी देश ने देखा है। कांग्रेस को गरीबों के कल्याण से नहीं, बल्कि राम नाम से एलर्जी है। यह विरोध किसी नीति का नहीं, बल्कि मानसिकता का है।
गांधी के ग्रामोदय का सपना होगा साकार
जयराम ठाकुर ने कहा कि विबी–जी राम जी योजना महात्मा गांधी के रामराज और ग्रामोदय के सपने को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। यह योजना गांवों को सहायता पर निर्भर रखने के बजाय रोजगार, सम्मान, आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीब, किसान और मजदूरों के साथ मजबूती से खड़ी है और यह योजना हिमाचल को विकास और रोजगार की नई दिशा देगी। कांग्रेस को राजनीति छोड़कर अपनी नाकामियों का जवाब देना चाहिए।
