ADVERTISE WITH US
📢 ARB Times के साथ अपने व्यापार को नई पहचान दें | विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9418210413 | ✉ editor@arbtimes.in | arbtimeshp@gmail.com | 🌐 www.arbtimes.in

Hamirpur : महिला सम्मान और योग के क्षेत्र में मोदी का कार्य देश के लिए मिसाल : जयराम ठाकुर

November 12, 2025 3:55 PM
---Advertisement---

एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर । हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के लंबलू मैदान में आयोजित अस्मिता वुमंस सिटी लीग और महिला सम्मान कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का योग के प्रचार-प्रसार और नारी सशक्तीकरण में योगदान अतुलनीय है। प्रधानमंत्री ने सत्ता संभालने के छह महीने में ही 21 जून को संयुक्त राष्ट्र महासभा से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करवाया, जिसे 177 देशों का समर्थन मिला। योग को इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन से मान्यता दिलाकर उन्होंने इसे स्पोर्ट्स के रूप में नई पहचान दी, जिससे युवाओं में रुचि बढ़ी और यह स्वास्थ्य व आर्थिकी को सशक्त करने का माध्यम बना। प्रधानमंत्री मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए महिलाओं को विधायिका में 33% आरक्षण दिलाया। इसके साथ ही 10 हजार से अधिक एफपीओ बनाए और 4 करोड़ लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है।

सुक्खू सरकार पर तीखा हमला

जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार झूठी गारंटियों के सहारे चल रही है। हमारी सरकार ने बुजुर्गों की पेंशन आयु सीमा घटाकर 60 वर्ष की, गौ सेवा आयोग बनाया, महिलाओं को बस किराए में 50% छूट दी, गृहिणी सुविधा योजना, स्वावलंबन योजना, बेटी है अनमोल योजना जैसी कई योजनाएं शुरू कीं। मौजूदा सरकार ने ये सारी योजनाएं बंद कर दी हैं और झूठी गारंटियों का प्रचार कर रही है। बिहार के एग्जिट पोल ने उनके झूठ का जवाब दे दिया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है।

हमीरपुर की दो घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोरा

एक महीने में हमीरपुर की दो घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। नशे का कारोबार गांव-गांव में फैल चुका है और माफिया बेखौफ घूम रहे हैं। मुख्यमंत्री के गृह जिले में ऐसी घटनाएं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा 1 दिसंबर को विधानसभा का घेराव कर सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा के परिवार पर राजनीतिक विद्वेष के तहत मुकदमे लाद रही है। कार्यक्रम में बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा, सुजानपुर के पूर्व विधायक राजिंदर राणा, नादौन के विजय अग्निहोत्री, भोरंज से डॉ. अनिल धीमान, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना योगी, महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना चौहान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और लोग मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment