एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि नशामुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है। वे शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाड़ी-गुमाणु में नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों से संवाद कर रहे थे।
उपायुक्त ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति दूसरों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए आवश्यक है। नशा न केवल व्यक्ति बल्कि परिवार और समाज को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों को नशे की बुराइयों से अवगत कराने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने पंचायत प्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों से नशामुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री या आपूर्ति से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस प्रशासन के साथ साझा करें, सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जिला मंडी में एंटी चिट्टा अभियान चलाया जा रहा है। इसके पहले चरण में जिले की 24 ग्राम पंचायतों को अति संवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया है। इन पंचायतों में 27 से 29 दिसंबर 2025 तक विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
जिला प्रशासन और पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी स्कूली बच्चों, नशा निवारण समितियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ नशामुक्ति पर संवाद कर रहे हैं। प्रत्येक पाठशाला में प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में नशा निवारण समितियों का गठन किया गया है।
अभियान के तहत जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक मंडी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सदयाणा में संवाद किया, जबकि जिला कल्याण अधिकारी ने टकोली, भडयाल, घासणू, भमसोई और डिग्री कॉलेज बलद्वाड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए। इस अवसर पर नशा निवारण समितियों के सदस्य और पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
