एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
पशु चिकित्सालय ज्यूरी के अधीन रामपुर उपमंडल के 15 पदों और कुमारसैन उपमंडल के 4 पदों के लिए पशु मित्रों के चयन हेतु शारीरिक परीक्षा 11 व 12 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। इस संबंध में बुधवार को उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पशु मित्र नीति-2025 के संशोधित प्रावधानों के तहत चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए पशुपालन, पुलिस, राजस्व, लोक निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
उपमंडलाधिकारी ने बताया कि शारीरिक परीक्षा राजकीय महाविद्यालय रामपुर के खेल मैदान, पाटबंगला में आयोजित होगी। 11 अप्रैल को सुबह 8 से 10 बजे तक अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया जाएगा, जिसके बाद परीक्षा शुरू होगी। उन्होंने बताया कि महिला अभ्यर्थियों और कुमारसैन उपमंडल के अभ्यर्थियों की परीक्षा 11 अप्रैल को ही आयोजित की जाएगी, जबकि रामपुर उपमंडल के पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा 12 अप्रैल को होगी। कुल 19 पदों के लिए 210 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 70 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। शारीरिक परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों को 10 मिनट में 1500 मीटर तथा पुरुष अभ्यर्थियों को 30 मिनट में 5000 मीटर दौड़ पूरी करनी होगी। इसके अलावा अभ्यर्थियों की सहनशक्ति, फिटनेस, फुर्ती और कार्य क्षमता का भी मूल्यांकन किया जाएगा।
उपमंडलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने को कहा गया। परीक्षा के सफल संचालन के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें तहसीलदार या नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। यह समिति परीक्षा की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी निभाएगी। उपमंडलाधिकारी हर्ष अमरेन्द्र सिंह, जो पशु मित्र एंगेजमेंट कमेटी रामपुर के अध्यक्ष भी हैं, ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुरेश नेगी, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ज्यूरी एवं सदस्य सचिव डॉ. अनिल शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गगन शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
