एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी । हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर अपनी पत्नी पर तेजाब फेंककर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना शनिवार शाम की है, जब पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े ने विकराल रूप ले लिया। तेजाब फेंकने के बाद आरोपी पति यहीं नहीं रुका, बल्कि उसने पत्नी को घर की पहली मंजिल से नीचे धक्का देकर और भी गंभीर चोटें पहुंचा दीं। वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
दोनों के बीच लंबे समय से चल रहा है विवाद
जानकारी के अनुसार, आरोपी पति नंदलाल और उसकी पत्नी के बीच पिछले लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है, जिसके चलते दोनों के बीच अकसर तू-तू मैं-मैं होती रहती थी। शनिवार शाम भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हुई। इसी बहसबाजी के दौरान नंदलाल ने अपना आपा खोकर पत्नी पर हमला कर दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि नंदलाल ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए पूरी प्लानिंग पहले ही कर रखी थी। उसने तेजाब पहले ही ला रखा था। जैसे ही झगड़ा बढ़ा, वह तेजाब और पत्नी पर उड़ेल दिया। तेजाब पड़ने से महिला का चेहरा बुरी तरह झुलस गया और उसकी पीठ समेत शरीर का लगभग आधा हिस्सा गंभीर रूप से जल गया।
तेजाब फेंकने के बाद भी आरोपी का मन नहीं भरा
तेजाब फेंकने के बाद भी आरोपी का मन नहीं भरा। वह अपनी पत्नी को बुरी तरह तड़पते हुए देखता रहा और थोड़ी देर बाद उसे पकड़कर घर की पहली मंजिल से नीचे धक्का दे दिया। गिरने से महिला को कई चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत महिला को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में महिला की हालत चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बिना देर किए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार महिला के चेहरे और पीठ पर गहरे जख्म हैं, और उसे लंबा इलाज चलने की संभावना है।
पुलिस ने आरोपी पर हत्या के प्रयास का मामला किया दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी नंदलाल को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। एसपी मंडी के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला पूर्व नियोजित हमला प्रतीत होता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तेजाब हमले, हत्या के प्रयास और घरेलू हिंसा सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने तेजाब कहां से और कब खरीदा था।इस जघन्य वारदात ने एक बार फिर घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती क्रूरता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
