एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
गणतंत्र दिवस के उपरांत राजधानी दिल्ली में 28 जनवरी 2026 को आयोजित प्रधानमंत्री रैली में महाविद्यालय रामपुर के पांच NCC कैडेट्स ने ऐतिहासिक सहभागिता दर्ज कराई। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा DG NCC लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स सहित भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रामपुर के 15/20 क्षेत्र से चयनित 8 HP BN NCC, महाविद्यालय रामपुर के सीनियर अंडर ऑफिसर दिनेश, सारजेंट नीतीश खन्ना, कैडेट अदिति राओ, प्रफुल खोजान एवं अंडर ऑफिसर सुरजित नेगी ने इस प्रतिष्ठित रैली में भाग लिया। कैडेट्स ने किन्नौर की समृद्ध एवं विशिष्ट संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करते हुए पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुकरणीय अनुशासन, एकता और जिम्मेदारी का परिचय दिया तथा हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
इस ऐतिहासिक आयोजन में कैडेट्स की सहभागिता उनके नेतृत्व गुणों, नागरिक कर्तव्यबोध, राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को दर्शाती है। कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश की संस्कृति के उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व के लिए डायरेक्टर जनरल NCC लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स द्वारा कैडेट्स एवं उनके मार्गदर्शकों की विशेष रूप से सराहना की गई।
