एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई और विभिन्न विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। डीसी ने निर्देश दिए कि पड्डल मैदान में सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, क्योंकि यह राज्य का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी ड्यूटी का गंभीरता से निर्वहन करें। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समारोह स्थल पर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। विभागाध्यक्षों को समय रहते सभी प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बैठने की व्यवस्था, परिवहन, पार्किंग स्थलों के निर्धारण और यातायात योजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अन्य जिलों से आने वाले लाभार्थियों के आवागमन, ठहराव और भोजन की व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम को समारोह स्थल की साफ-सफाई, मोबाइल शौचालयों की स्थापना एवं जल आपूर्ति की व्यवस्था समय पर पूर्ण करने के लिए कहा गया। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों पर कूड़ेदान लगाने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष जोर देते हुए पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। आयोजन स्थल पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और एंटी-चिट्टा अभियान पर जनजागरूकता बढ़ाने की तैयारी भी बैठक में की गई। इसके लिए लोक सम्पर्क विभाग और भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग को संयुक्त रूप से कार्य करने को कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, एसडीएम मंडी रुपिंदर कौर, सहायक आयुक्त के.एस. पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
