एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
जिला कुल्लू में प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की की खरीद एक दिसम्बर से शुरू होगी। यह जानकारी उप–परियोजना निदेशक आत्मा, कृषि विभाग कुल्लू, प्रदीप ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि हिमाचल सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए मक्की, गेहूँ, जौ और हल्दी के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित कर चुकी है।
प्रदीप ठाकुर ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की की खरीद सिविल सप्लाई स्टोर कुल्लू और धामन में की जाएगी। सरकार द्वारा इस वर्ष मक्की के MSP को 30 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति किलो कर दिया गया है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और प्राकृतिक खेती को बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस बार भारी बारिश के कारण मक्की की फसल को काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में कुल्लू जिले के 37 किसानों से अनुमानित 45.5 क्विंटल मक्की सिविल सप्लाई निगम के माध्यम से खरीदी जाएगी।
