एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर के ऐतिहासिक पाटबंगला मैदान में एनएसयूआई द्वारा आयोजित एंटी-चिट्टा क्रिकेट प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। इस प्रतियोगिता में कुल 64 टीमें भाग ले रही हैं, जिससे क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह का माहौल बना हुआ है। आयोजकों का मानना है कि खेल गतिविधियां युवाओं को गलत रास्तों से दूर रखने में प्रभावी भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,55,555 रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 77,777 रुपये नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। उद्घाटन समारोह में एमएम रियल एस्टेट के संस्थापक मोंटी मांटा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष नितिन देष्टा, उपाध्यक्ष सूरज जोंगा और अंशुल धीमान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एनएसयूआई रामपुर इकाई के अध्यक्ष कृष चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य “नशा मुक्त रामपुर” का संकल्प साकार करना है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों में भाग लेकर स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में योगदान दें। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए चैरिटी मैचों में रक्तदान सेवा परिवार सोसायटी ने नशा मुक्ति केंद्र डकोलढ़ को हराया। प्रोफेसर इलेवन ने एनएसयूआई टीम पर जीत दर्ज की, जबकि बॉयज हॉस्टल की टीम ने खनेरी अस्पताल को पराजित किया।
आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में मुकाबले और अधिक रोमांचक होंगे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता खेल के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन का सशक्त संदेश दे रही है।
