Rampur Bushahr:तुर्की से सेब आयात पर 100% शुल्क की मांग: मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र

एआरबी टाइम्स ब्यूरो

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तुर्की से सेब के आयात पर मौजूदा 50% आयात शुल्क को बढ़ाकर 100% करने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी मांग की है कि आयातित सेब पर मात्रात्मक प्रतिबंध लगाए जाएं ताकि देश के सेब उत्पादकों को राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि हिमाचल प्रदेश को देश के सेब राज्य के रूप में जाना जाता है, और यहां के सेब अपनी मिठास और गुणवत्ता के लिए विश्वप्रसिद्ध हैं। राज्य में सेब उत्पादन से 4500 करोड़ रुपये की सालाना आय होती है और इससे लगभग 2.5 लाख परिवारों को रोजगार मिलता है।

मुख्यमंत्री ने चिंता जताई कि वर्ष 2024 में भारत ने 31 देशों से 5.19 लाख मीट्रिक टन सेब आयात किए, जबकि 1998 में यह मात्रा केवल 1100 मीट्रिक टन थी। तुर्की से आयात में खास तौर पर तेजी देखी गई, जहां से वर्ष 2024 में 1.17 लाख मीट्रिक टन सेब मंगवाए गए,  जो कुल आयात का 23% है।

 सुक्खू ने कहा कि तुर्की के सस्ते सेबों की भरमार ने देश के स्थानीय सेब उत्पादकों, खासकर हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के छोटे किसानों की आजीविका को खतरे में डाल दिया है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वह अपने आगामी दिल्ली दौरे के दौरान इस विषय को प्रधानमंत्री के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उठाएंगे, ताकि स्थानीय किसानों के हितों की रक्षा की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *