एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर के ठेका मजदूरों ने फरवरी का वेतन न मिलने के विरोध में वीरवार को नप कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन सीटू (CITU) से सम्बंधित नगर परिषद ठेका मजदूर यूनियन के बैनर तले आयोजित किया गया। सीटू जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह, यूनियन अध्यक्ष ललिता और महासचिव संतोष ने कहा कि रामपुर नगर परिषद के अंदर कूड़ा उठाने और सफाई का काम कर रहे मजदूरों को अभी तक फरवरी का वेतन नहीं दिया गया है, जबकि कानूनन मजदूरों को हर माह की 7 तारीख से पहले वेतन देना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि यदि ठेकेदार मजदूरों को समय पर वेतन नहीं देता है तो कॉन्ट्रैक्ट लेबर एक्ट 1970 की धारा 21(4) के तहत नगर परिषद प्रबंधन की जिम्मेदारी बनती है कि मजदूरों को वेतन दिलवाए। लेकिन नगर परिषद रामपुर अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहा है। मार्च की 12 तारीख होने के बावजूद मजदूरों को फरवरी का वेतन नहीं मिला है। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर परिषद के तहत काम कर रहे ठेका मजदूरों पर श्रम कानून लागू नहीं किए जा रहे हैं। मजदूरों की सुरक्षा का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा है और वेतन की मांग करने पर ठेकेदार और प्रबंधन द्वारा नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही है।
मेडिकल, आकस्मिक और अर्जित अवकाश भी नहीं दे रहे
उन्होंने बताया कि मजदूरों को श्रम अधिकारी की ओर से सत्यापित आई कार्ड, वेतन स्लिप, साप्ताहिक अवकाश के अलावा त्योहार, मेडिकल, आकस्मिक और अर्जित अवकाश जैसी सुविधाएं भी नहीं दी जा रही हैं। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच मजदूरों को समय पर वेतन नहीं मिलने से गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खाने-पीने की जरूरी वस्तुओं जैसे तेल, दाल, आटा, चावल, सब्जियां, प्याज, टमाटर, रसोई गैस, कमरे का किराया और बस किराया लगातार बढ़ रहे हैं।
चेतावनी दी कि यदि मजदूरों को जल्द वेतन नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो कूड़ा उठाने का काम पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस धरना-प्रदर्शन में राजू राणा, नीलम, मनिता, अमित, नील चंद, अशोक, आकाश, मोती राम, तारामणि, रजनी, किरण, सुशीला, सोमारी, सोनी, सीता, उस्तानी, बीरमानिय, सोनिया और चिंता सहित कई मजदूरों ने भाग लिया।
यह भी पढ़ें
>> Himachal : शिमला में एक करोड़ की एलएसडी ड्रग बरामद, सिरमौर की युवती और पंजाब का तस्कर गिरफ्तार
>> Himachal : चंबा में छात्रा ने रावी नदी में कूदकर दी जान, कांगड़ा में लापता छात्र का शव मिला
>> Shimla : एचपीयू ने जारी की यूजी-पीजी परीक्षाओं की डेटशीट, 28 मार्च से शुरू होंगी वार्षिक परीक्षाएं
