एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडल स्तरीय स्कूल मॉनिटरिंग कमेटी रामपुर द्वारा सोमवार को नोगली और दत्तनगर क्षेत्र में संचालित स्कूल बसों की रामपुर बस स्टैंड में औचक जांच की गई। इस दौरान कुल लगभग 25 स्कूल बसों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
स्कूल मॉनिटरिंग कमेटी के सचिव जसपाल सिंह नेगी ने स्वयं टीम के साथ बसों की जांच की और जहां-जहां खामियां पाई गईं, उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित स्कूल प्रबंधन और चालकों को दिए। निरीक्षण के दौरान बसों में सीटिंग व्यवस्था, आपातकालीन निकास द्वार, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस प्रणाली, परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और अग्निशमन यंत्रों की विस्तार से जांच की गई। टीम ने विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक मानकों को परखा।
जांच में यह पाया गया कि अधिकांश बसें सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित हो रही हैं और किसी प्रकार की गंभीर खामी सामने नहीं आई। हालांकि कुछ बस चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण और अन्य यातायात नियमों की सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
जसपाल सिंह नेगी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से यह निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधन से आग्रह किया कि वे बसों की नियमित जांच सुनिश्चित करें और सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा वाहन में उपलब्ध रखें, ताकि किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षा से समझौता न हो।
