एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर | शिमला पुलिस का नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रामपुर क्षेत्र में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 34.31 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रचोली में 7.15 ग्राम चिट्टे के साथ आरोपी गिरफ्तार
पहले मामले में रामपुर थाने में 5 सितंबर 2026 को एफआईआर संख्या 91/26 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। मुख्य आरक्षी पीयूष राज अपनी टीम के साथ रचोली क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 9:10 बजे पुलिस ने कमलवीर निवासी कुरुक्षेत्र, हरियाणा को पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 7.15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चेकिंग के दौरान दो आरोपी दबोचे
दूसरे मामले में एएसआई इंद्रजीत की टीम ने 5 सितंबर को शाम करीब 4:35 बजे रचोली क्षेत्र में गश्त के दौरान कार्रवाई की। पुलिस ने जतिंदर सिंह (30), निवासी डेराबस्सी, पंजाब और राजा नेगी (30), निवासी झाकड़ी, रामपुर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 6.16 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। इस मामले में रामपुर थाने में एफआईआर संख्या 92/26 के तहत धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है।
ज्यूरी में 21 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
तीसरी कार्रवाई में डिटेक्शन सेल उपमंडल रामपुर की टीम ने ज्यूरी क्षेत्र में कटोलू पुल के पास एक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 21 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अंकित ठाकुर निवासी हयोड़, मंडी के रूप में हुई है। इस मामले में झाकड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस तीनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
