एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर | ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से बिलासपुर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए फूड वैन शुरू की गई है। उपायुक्त राहुल कुमार ने चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर स्थित श्याम लगन होमस्टे के प्रांगण में फूड वैन का शुभारंभ किया। यह पहल राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत विकास खंड सदर कार्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुरू की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर, एसडीएम सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

दो स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मिलेगा लाभ
फूड वैन के माध्यम से लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह बहना जट्टां और नैना स्वयं सहायता समूह, ग्राम पंचायत नौणी सदर से जुड़ी महिलाओं को खाद्य प्रसंस्करण और खाद्य पदार्थों की बिक्री के क्षेत्र में व्यवसायिक अवसर मिलेंगे। फूड वैन का संचालन श्याम लगन होमस्टे के प्रांगण से किया जाएगा। यहां स्थानीय स्तर पर तैयार किए जाने वाले खाद्य पदार्थों को ग्राहकों तक पहुंचाने के साथ महिलाओं की आय बढ़ाने और उनके उद्यम को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संगठित कर उन्हें आजीविका के स्थायी और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि फूड वैन जैसी पहल ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी बनाने, उनके कौशल का बेहतर उपयोग करने और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उपायुक्त ने फूड वैन का संचालन व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने पर जोर दिया। उन्होंने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
